बिहार राज्यसभा चुनाव: पांचों सीटों पर एनडीए की जीत

पटना: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हुए चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। मतगणना पूरी होने के बाद यह साफ हो गया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। इस नतीजे को एनडीए के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। परिणाम आने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए इसे एनडीए के नेतृत्व और विकास की नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया।

‘सुशासन और विकास की जीत’

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही सुशासन और विकास की नीति की जीत है। एनडीए के सभी विधायकों ने एकजुट होकर गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया, जिसके कारण सभी पांचों सीटों पर जीत संभव हो पाई। सम्राट चौधरी ने विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी और गठबंधन के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। यह बिहार के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

एनडीए उम्मीदवारों की जीत

घोषित परिणामों के अनुसार, बिहार की पांच राज्यसभा सीटों में से दो पर जदयू के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय राज्य मंत्री राम नाथ ठाकुर शामिल हैं। वहीं,भाजपा की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार ने जीत दर्ज की। इसके अलावा एनडीए के सहयोगी दलराष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाह भी राज्यसभा चुनाव जीतने में सफल रहे।

नितिन नवीन को दी बधाई

सम्राट चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को जीत की बधाई देते हुए कहा कि वे लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। नितिन नवीन पांच बार विधायक रह चुके हैं और राज्य में एनडीए सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। बिहार के विकास कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अब वे राज्यसभा में भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए उच्च सदन की गरिमा को और मजबूत करेंगे।

नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना

उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दो दशकों में नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को नई दिशा दी है। वर्ष 2005 से पहले राज्य को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था, उनमें सुधार लाने और विकास की गति बढ़ाने में मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नीतीश कुमार के अनुभव और नेतृत्व का लाभ राज्यसभा को भी मिलेगा और राज्य के विकास के मुद्दे वहां प्रभावी ढंग से उठाए जाएंगे।

अनुभवी नेताओं को भी मिली जीत

उपमुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय के प्रख्यात नेताकर्पूरी ठाकुर के पुत्र राम नाथ ठाकुर को फिर से राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई दी। इसके साथ ही राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाह को भी जीत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं का लंबा राजनीतिक अनुभव राज्यसभा की कार्यवाही में उपयोगी साबित होगा। चौधरी ने भाजपा नेता शिवेश कुमार को भी जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह एनडीए की “सबका साथ, सबका विकास” की नीति का उदाहरण है।

बिहार की राजनीति में संदेश

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार की राज्यसभा सीटों पर एनडीए की सभी सीटों पर जीत गठबंधन की राजनीतिक मजबूती का संकेत देती है। यह परिणाम आगामी राजनीतिक समीकरणों और राज्य की राजनीति पर भी प्रभाव डाल सकता है। फिलहाल, एनडीए नेताओं ने इसे विकास की राजनीति और गठबंधन की एकजुटता का परिणाम बताया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *