कचरा नहीं हैं अंडे के छिलके, फेंकने पहले जान लें इसके फायदें

अंडा पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थ माना जाता है और इसलिए यह कई लोगों की रोजमर्रा की डाइट का अहम हिस्सा बन चुका है। इसमें मौजूद प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स शरीर को ऊर्जा देने के साथ सेहत को भी मजबूत बनाते हैं। अक्सर लोग अंडा इस्तेमाल करने के बाद उसके छिलके को बिना सोचे-समझे कूड़ेदान में फेंक देते हैं। लेकिन बहुत कम ही लोग जानते हैं कि अंडे के छिलके भी कई घरेलू कामों में बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं। इनमें कैल्शियम समेत कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो बागवानी, किचन और घर के छोटे-छोटे कामों में काम आ सकते हैं।

अगर थोड़ी जानकारी और सही तरीका अपनाया जाए, तो इन छिलकों को दोबारा इस्तेमाल कर घर के कई काम आसान बनाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं अंडे के छिलकों के कुछ आसान और काम के इस्तेमाल।

  1. पौधों के लिए प्राकृतिक खाद: अंडे के छिलकों में कैल्शियम, कैल्शियम फॉस्फेट, मैग्नीशियम और केराटिन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पौधों के लिए फायदेमंद होते हैं। इस्तेमाल करने के लिए पहले छिलकों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें और फिर बारीक पीस लें। इसके बाद इसे मिट्टी या कम्पोस्ट में मिला दें। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है और पौधों की ग्रोथ भी अच्छी होती है। साथ ही इससे केमिकल फर्टिलाइजर की जरूरत भी कम हो सकती है।
  2. मिनी गमले की तरह करें इस्तेमाल: अगर आप घर में छोटी-छोटी जड़ी-बूटियां या पौधे उगाना चाहते हैं, तो अंडे के छिलकों को मिनी पॉट की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए अंडे के छिलके का ऊपर वाला हिस्सा सावधानी से काटें। फिर इसे धोकर साफ कर लें और नीचे एक छोटा छेद बना दें ताकि अतिरिक्त पानी बाहर निकल सके। अब इसमें थोड़ी मिट्टी भरकर तुलसी, पुदीना या धनिया जैसी छोटी हर्ब्स लगा सकते हैं। यह तरीका खासकर किचन गार्डनिंग के लिए काफी उपयोगी है।
  3. जिद्दी दाग साफ करने में मददगार: कई बार किचन के बर्तनों पर जमी जली हुई गंदगी को साफ करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अंडे के छिलके बहुत काम आ सकते हैं। इसके लिए छिलकों को बारीक कूट लें और गंदे बर्तन पर डाल दें। फिर इसमें थोड़ा नमक मिलाकर स्क्रबर से रगड़ें। छिलकों की खुरदरी बनावट जमी हुई गंदगी को हटाने में मदद करती है और बर्तन जल्दी साफ हो जाते हैं।
  4. ब्लेंडर की ब्लेड को करें तेज: अगर आपका ब्लेंडर या मिक्सर ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो अंडे के छिलके यहां भी काम आ सकते हैं। छिलकों को पहले कुछ घंटों के लिए फ्रीजर में रख दें। इसके बाद इन्हें थोड़ा पानी डालकर ब्लेंडर में पीस लें। ऐसा करने से ब्लेंडर के ब्लेड पर जमी गंदगी साफ हो जाती है और ब्लेड की धार बेहतर हो सकती है।
  5. कचरे को कम करने का आसान तरीका: अंडे के छिलकों का दोबारा इस्तेमाल करना न केवल घर के काम आसान बनाता है, बल्कि यह कचरे को कम करने का भी अच्छा तरीका है। आजकल कई लोग किचन वेस्ट को दोबारा उपयोग करने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में अंडे के छिलकों को फेंकने के बजाय उनका सही इस्तेमाल करना पर्यावरण के लिए भी बेहतर माना जाता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *