मेक्सिको में सुरक्षा बलों द्वारा देश के सबसे कुख्यात ड्रग माफिया एल मेंचो के मारे जाने के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस कार्रवाई के बाद देश के कई राज्यों में हिंसक घटनाएं, सड़क जाम और आगजनी की खबरें सामने आई हैं। सुरक्षा हालात बिगड़ने के मद्देनज़र भारतीय दूतावास, मेक्सिको ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने भारतीयों से सतर्क रहने, गैर-ज़रूरी आवाजाही से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
कौन था एल मेंचो?
एल मेंचो को मेक्सिको के सबसे ताकतवर और खतरनाक ड्रग कार्टेल सरगनाओं में गिना जाता था। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर था और उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी, संगठित अपराध और हिंसा फैलाने के आरोप थे। सुरक्षा बलों द्वारा उसे मार गिराए जाने के बाद उसके समर्थक और कार्टेल से जुड़े गुट सड़कों पर उतर आए, जिससे कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए है। हालात को नियंत्रित करने के लिए मेक्सिकन सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू किए हैं।
किन इलाकों में भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी संदेश में बताया कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कुछ राज्यों और शहरों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। दूतावास के अनुसार, जलिस्को स्टेट (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और ग्वाडलहारा), तमाउलिपास स्टेट (रेनोसा और आसपास के क्षेत्र), मिचोआकन, गुएरेरो और न्यूवो लियोन राज्यों में सुरक्षा अभियान चल रहे हैं। इन इलाकों में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक अपने घरों में रहने की सलाह दी गई है।
भारतीय नागरिकों के लिए क्या करें और क्या न करें
भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों के लिए कुछ स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गतिविधि वाले इलाकों से दूर रहें और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। इसके अलावा, लोगों से अपने आसपास के माहौल पर नजर रखने, गैर-जरूरी यात्राएं टालने और स्थानीय मीडिया के जरिए ताजा अपडेट लेते रहने को कहा गया है। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
आपात स्थिति में मदद के लिए संपर्क नंबर जारी
भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। दूतावास ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय इमरजेंसी नंबर 911 पर संपर्क करें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इसके साथ ही भारतीय नागरिक +52 55 4847 7539 नंबर पर भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार और मित्रों को अपनी लोकेशन और स्वास्थ्य स्थिति के बारे में लगातार जानकारी देते रहें।
अन्य देशों ने भी जारी किए अलर्ट
मौजूदा हालात को देखते हुए अमेरिका और कनाडा सहित कई देशों ने भी अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल और सेफ्टी अलर्ट जारी किए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर साझा किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
ड्रग तस्करी पर अमेरिका का दबाव और पृष्ठभूमि
मेक्सिको में यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है, जब अमेरिका लंबे समय से ड्रग तस्करी और कार्टेल गतिविधियों पर सख्ती करने का दबाव बना रहा है। बीते कुछ महीनों में अमेरिकी प्रशासन ने मेक्सिको से संगठित अपराध के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने की अपील की थी। हालांकि, मेक्सिकन नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि वह इस लड़ाई को अपनी संप्रभुता के तहत ही लड़ेगा और किसी भी तरह के विदेशी सैन्य हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करेगा।
हालात पर करीबी नजर, दूतावास सतर्क
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह मेक्सिको की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों के लिए आगे की सलाह जारी की जाएगी। दूतावास ने दोहराया कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
