टी20 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका का दमदार प्रदर्शन, ओमान को 105 रन से हराया

पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में श्रीलंका ने एकतरफा अंदाज में ओमान को 105 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ श्रीलंकाई टीम ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी सफलता हासिल कर ली।

226 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। महज 12 रन के भीतर दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो गए, जिससे टीम की उम्मीदों को शुरुआती झटका लगा। इसके बाद तीसरे नंबर पर आए हम्माद मिर्जा भी केवल 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

हालांकि, चौथे विकेट के लिए मोहम्मद नदीम और वसीम अली ने 42 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। वसीम अली ने 20 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 27 रन बनाए, जबकि नदीम ने 56 गेंदों पर 53 रन की नाबाद पारी खेली। इन दोनों के अलावा ओमान का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका और पूरी टीम 20 ओवर में 120 रन पर सिमट गई।

श्रीलंका की गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावशाली रही। दुश्मंथा चमीरा और महिश तिक्षाणा ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अन्य गेंदबाजों ने रन गति पर लगातार लगाम लगाए रखी।

इससे पहले, टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने वाली ओमान को तब झटका लगा जब श्रीलंका ने खराब शुरुआत के बावजूद 5 विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। कप्तान दासुन शनाका ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक ठोककर इतिहास रच दिया, जो श्रीलंका की ओर से अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे तेज फिफ्टी है। उनके अलावा पवन रथनायके और कुसाल मेंडिस ने भी शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *