प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कुआलालंपुर में आयोजित एक भव्य सामुदायिक कार्यक्रम ‘सेलामत दातंग मोदी जी’ में शिरकत की। प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह मलेशिया की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए लगभग 15 हजार भारतीय मूल के लोग उपस्थित रहे। मलेशिया रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वहां बसे भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय समुदाय भारत और मलेशिया के बीच एक जीवंत सेतु की भूमिका निभा रहा है और दोनों देशों की मित्रता की मजबूत नींव है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह मलेशिया की तीसरी आधिकारिक यात्रा है। वर्ष 2024 में भारत और मलेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाए जाने के बाद यह उनकी पहली यात्रा है। कल दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच शिष्टमंडल स्तर की वार्ता और द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।
